Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

यूपी चुनाव को लेकर भाजपा का बड़ा फैसला, विनोद तावड़े को बनाया प्रभारी


अगले साल उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए बीजेपी ने मंगलवार को नए राज्य चुनाव प्रभारी नियुक्त कर दिए। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी में संगठनात्मक बदलावों के तहत उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा की। उत्तर प्रदेश के लिए विनोद तावड़े को बीजेपी का राज्य प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है।

सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, तरुण चुघ को गुजरात के लिए बीजेपी का राज्य प्रभारी नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां बीजेपी की ओर से अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और तीनों राज्यों में पार्टी की गतिविधियों में तालमेल बिठाने की कोशिशों का हिस्सा हैं।

इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान किया था। इसमें कुछ पुराने चेहरों की वापसी हुई है और पार्टी के अलग-अलग विंग में कई बदलाव किए गए हैं। ये नियुक्तियां ऐसे समय में हुई हैं जब बीजेपी कई राज्यों में चुनावों की तैयारी कर रही है और अलग-अलग राज्यों और सामाजिक समूहों में अपने संगठन को मजबूत करना चाहती है।

इन बड़े बदलावों में अमित मालवीय को पार्टी के IT सेल प्रमुख और तेजस्वी सूर्या को BJP की युवा शाखा के अध्यक्ष पद से हटाना शामिल है। दीपक म्हास्के को IT और सोशल-मीडिया विंग की कमान सौंपी गई है, जबकि हेमांग जोशी भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की जिम्मेदारी संभालेंगे। बीजेपी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाकर अहम भूमिका में वापस लाया है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब की भी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन ढांचे में वापसी हुई है।

विनोद तावड़े महाराष्ट्र बीजेपी के सीनियर नेता हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें कल ही अपनी नई टीम में राष्ट्रीय महामंत्री बनाया था। तावड़े के पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। इससे पहले वह इस साल हुए केरल चुनाव के दौरान बीजेपी के प्रभारी थे। उनके ही कार्यकाल में बीजेपी ने केरल विधानसभा में अपना खाता खोला। तावड़े को साल 2022 में बिहार का प्रभारी बनाया गया था। उनके ही मार्गदर्शन में बीजेपी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |