कोटा में दूसरी मंजिल से गिरी नीट की छात्रा,अस्पताल में इलाज जारी
August 16, 2026
राजस्थान के कोटा में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के दूसरी मंजिल से गिरने का मामला सामने आया है। मामला कोटा के कुन्हाडी थाना इलाके का है, जहां 17 साल की कोचिंग छात्रा दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्रा के नीचे गिरने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। छात्रा दूसरी मंजिल से नीचे गिरी या उसने छलांग लगाई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे लैंडमार्क सिटी की है। छात्रा बिहार की रहने वाली है और करीब दो महीने पहले ही कोटा में नीट की तैयारी के लिए आई थी।
थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि छात्रा पहले वहां मौजूद 11 केवी बिजली लाइन से टकराई और उसके बाद जमीन पर गिरी। टक्कर के कारण बिजली की लाइन टूट गई, हालांकि छात्रा करंट की चपेट में आने से बच गई। हादसे में उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है, और चोटे आई है, घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस छात्रा के दूसरी मंजिल से गिरने के कारणों के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
राजस्थान के कोटा में संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र ने जून के महीने में आत्महत्या कर ली थी। छात्र का शव राजीव गांधी नगर स्थित 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) में छत के पंखे से लटका मिला था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्र द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। मृतक छात्र की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर के रहने वाले आर्यन ओझा के रूप में हुई। वह इस साल फरवरी से कोटा के एक कोचिंग संस्थान में जेईई की तैयारी कर रहा था और शहर के राजीव गांधी नगर में एक पीजी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, 3 जून की रात करीब 10:45 बजे पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों ने उसका शव देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) योगेश शर्मा ने बताया कि किशोर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने के कारण इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल सका।
