Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रैगिंग की शिकायत की तो बैट और डंडे लेकर जूनियर छात्रों पर टूट पड़े सीनियर्स


ओडिशा के रायगड़ा जिले से स्कूल हॉस्टल में रैगिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रैगिंग और उत्पीड़न की शिकायत करने पर कक्षा 9 के 20 से ज्यादा छात्रों की सीनियर छात्रों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना जिले के एसएसडी हाई स्कूल के हॉस्टल की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार रात की है। आरोप है कि कक्षा 10 के एक छात्र और उसके साथ मौजूद कुछ अन्य सीनियर छात्रों ने कक्षा 9 के करीब 20 छात्रों को एक कमरे में बुलाया। इसके बाद क्रिकेट बैट और डंडों से उनकी पिटाई की गई।

बताया जा रहा है कि जूनियर छात्रों ने कुछ दिन पहले स्कूल के हेडमास्टर से हॉस्टल में हो रही रैगिंग और उत्पीड़न की शिकायत की थी। इसी शिकायत से नाराज होकर सीनियर छात्रों ने उन पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सीनियर छात्र बेरहमी से जूनियर छात्रों को पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट में कई छात्र घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। स्कूल प्रशासन ने घायल छात्रों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।

घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्कूल के हेडमास्टर को रैगिंग की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने और लापरवाही बरतने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्कूल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भविष्य में इस तरह की कोई भी घटना होने पर तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल के इंचार्ज हेडमास्टर प्रताप चंद्र सौंता ने कहा कि स्कूल प्रशासन को इस घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिली। उन्होंने बताया, "हमें मंगलवार सुबह इस घटना के बारे में पता चला। कक्षा 10 के कुछ छात्रों ने कक्षा 9 के कई छात्रों के साथ मारपीट की थी। घटना देर रात हुई थी, इसलिए स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। बाद में हमने घायल छात्रों के अभिभावकों को सूचना दी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा।घटना की जांच जारी है और जल्द ही मामले पर एक्शन लिया जाएगा।"

घटना में घायल छात्र शुभम नायक ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में लंबे समय से उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी। उसने कहा कि सीनियर छात्र अक्सर डंडों से हमला करते थे और उन्हें परेशान करते थे। इस बारे में कई बार शिक्षकों से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्र का दावा है कि हॉस्टल परिसर में लंबे समय से उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा था। फिलहाल जिला प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि रैगिंग और मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई और शिकायत मिलने के बावजूद समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।इससे पहले तेलंगाना में भी रैगिंग के मामले सामने आ चुके हैं। हैदराबाद में सरकारी डेंटल कॉलेज के लास्ट ईयर के 12 स्टूडेंट्स को रैगिंग के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |