दूसरे टेस्ट से पहले कोच गंभीर को चेतावनी, कुलदीप के सपोर्ट में दिया बयान
August 23, 2026
भारत और श्रीलंका का दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा. उससे पहले चेतेश्वर पुजारा ने टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन कॉम्बिनेशन पर चिंता व्यक्त की है. पुजारा ने उन खबरों का विरोध किया, जिनमें संभावना जताई गई कि कुलदीप यादव को दूसरे टेस्ट मैच से ड्रॉप किया जा सकता है. उनकी जगह सारांश जैन को मौका दिया जा सकता है, पुजारा ने इस फैसले का पूर्ण विरोध किया है.
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में कुलदीप यादव दोनों पारियों में सिर्फ एक विकेट ले पाए थे. टीम इंडिया के स्पिन-बॉलिंग कोच भी कह चुके हैं कि गॉल टेस्ट में परिस्थिति ऐसी बन गई थी कि कुलदीप को एक खास भूमिका में रहकर गेंदबाजी करनी पड़ी और उनसे बाकी गेंदबाजों की तुलना में छोटे स्पेल करवाए गए. चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि अचानक कुलदीप को प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप किया गया तो उनका मनोबल गिर जाएगा.
ईएसपीएन क्रिकइन्फो पर चर्चा करते हुए चेतेश्वर पुजारा ने कहा, "मेरे नजरिए से भारत को प्लेइंग इलेवन में बदलाव नहीं करना चाहिए. मैं सुन रहा हूं कि कुलदीप की जगह सारांश जैन प्लेइंग इलेवन में आ सकते हैं, क्योंकि श्रीलंका के पास खूब सारे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं."
पुजारा ने कहा कि दूसरे टेस्ट में यह बदलाव होता है तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से बहुत निराशा होगी, क्योंकि कुलदीप जैसा गेंदबाज एक और मौका डिजर्व करता है. श्रीलंका सीरीज से पहले कुलदीप के आंकड़े ठीकठाक रहे हैं, जहां पिछली 10 टेस्ट पारियों में उन्होंने 23 विकेट चटकाए थे.
पुजारा ने आगे कहा, "कुलदीप यादव एक बेहतरीन गेंदबाज हैं. जब टेस्ट क्रिकेट की बात आती है तो आपको बहुत सारे बदलाव नहीं करने चाहिए. आपको एक जीतकर आ रही प्लेइंग इलेवन में बदलाव नहीं करना चाहिए. इसलिए मुझे लगता है कि कुलदीप को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने रहना चाहिए."
पहले टेस्ट मैच में मानव सुतार और रवींद्र जडेजा की तुलना में कुलदीप यादव ने काफी कम गेंदबाजी की थी. कप्तान शुभमन गिल ने कुलदीप से छोटे-छोटे स्पेल में गेंदबाजी करवाई, जबकि सुतार और जडेजा ने लंबे स्पेल में गेंदबाजी की. पहली पारी में जडेजा ने 21, वहीं सुतार ने 21.4 ओवर बॉलिंग की, लेकिन कुलदीप को 14 ओवर मिले. वहीं दूसरी पारी में जडेजा ने 23 ओवर और सुतार ने 23.4 ओवर बॉलिंग की, लेकिन कुलदीप को सिर्फ 11 ओवर दिए गए.
