तिरुवन्नामलाई की कलेक्टर वंदना गर्ग ने किताब देकर गृह मंत्री का स्वागत किया और जब अन्नामलाईयार मंदिर में गृह मंत्री दर्शन के लिए पहुंचे तो मंदिर परिसर में वंदना गर्ग पीछे रह गई थीं. इसी कारण कलेक्टर वंदना गर्ग ने दौड़ लगाई और उनका ये वीडियो खूब वायरल भी हुआ.
बता दें कि वंदना गर्ग 29 मई 2026 से तिरुवन्नामलाई की कलेक्टर हैं और वो पहली बार कलेक्टर बनी हैं. इससे पहले वो एडिशनल कलेक्टर और प्रोजेक्ट ऑफिसर के साथ-साथ एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के पदों पर रह चुकी हैं. वंदना गर्ग तमिलनाडु की उन महिला कलेक्टर में शामिल हैं, जिन्हें सीएम विजय ने खासतौर पर प्रशासनिक फेरबदल कर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी है.
वंदना गर्ग 2017 बैच की तमिलनाडु कैडर की आईएएस अधिकारी हैं. वो दिल्ली की रहने वाली हैं और उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) से पढ़ाई की है. वो 9 साल से सिविल सेवा में हैं. वंदना गर्ग ने माइक्रोबायोलॉली में बीएससी और एमएससी की पढ़ाई की है.
यूपीएसपी परीक्षा पास करने के बाद उन्हें तमिलनाडु कैडर मिला था. तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन के बाद विजय की अगुवाई वाली सरकार ने उन्हें कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी है. पदभार संभालने के बाद जनता की तकलीफों को लेकर कलेक्टर वंदना गर्ग ने कहा था कि आम जनता की समस्याओं और शिकायतों को तुरंत सुनना और उनका निवारण करना मेरी सबसे पहली प्राथमिकता होगी.
बता दें कि तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय की अगुवाई में टीवीके गठबंधन की सरकार बनने के बाद से वर्तमान में राज्य के कई जिलों और विभागों में महिला आईएएस और आईपीएस अधिकारी प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही हैं.
