भूकंप के दो लगातार झटकों से हिला मुंबई के पास का पालघर जिला! डर का माहौल
August 11, 2026
महाराष्ट्र के पालघर जिले के जवाहर विक्रमगढ़ इलाके में लगातार दो भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.2 और 3.4 मापी गई है। भूकंप के दो लगातार झटकों से लोगों में डर का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है।
इस भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। पालघर जिला सूचना कार्यालय के मुताबिक पहला झटका सोमवार रात 10 बजकर 04 मिनट पर आया जबकि भूकंप का दूसरा झटका रात, 11 बजे आया है। इन दोनों झटकों की तीव्रता क्रमश: 3.2 और 3.4 रही।
इस भूकंप का केंद्र जव्हार तालुका में जमीन से करीब पांच किमी की गहराई में था। लगातार दो झटके आने से लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के चलते जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से घरबराने के बजाय शांत रहने और भूकंप के दौरान अपनाए जानेवाले सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है।
महाराष्ट्र के तटीय इलाके में स्थित पालघर में पिछले कुछ वर्षों में कम तीव्रता वाले झटके महसूस किए जाते रहे हैं। पिछले महीने भी पालघर जिले में भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए थे। यह जिला मुंबई से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है।
इससे पहले 31 जुलाई को पालघर जिले में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता 3.5 मापी गई थी। वहीं 25 जुलाई को भारी बारिश के बीच दहानू तहसील के गंजाड क्षेत्र में 3.1 तीव्रता का भूकंप का झटका महसूस किया गया था। 28 जुलाई को भी जिले में हल्का भूकंप आया था, जिसका केंद्र पाटिलपाड़ा गांव में स्थित था।
वहीं दो दिन पहले नासिक में भूकंप के झटके महसूस किए गए जिससे जिले के कुछ स्थानों पर मकानों में दरारें पड़ गईं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद रविवार सुबह पांच बजकर 33 मिनट पर 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया। भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हाटगढ़ पर्वत श्रृंखला के निकट भनवड इलाके में पांच किलोमीटर की गहराई पर दर्ज की गई। नासिक शहर के कुछ हिस्सों के अलावा जिले की सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी एवं निफाड तहसीलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं।
