Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मूसलाधार बारिश से पानी में डूबी पुलिया! गर्भवती महिला को बैलगाड़ी में अस्पताल ले गए परिजन


महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सिरोंचा तहसील के ग्राम पंचायत गुमालकोंडा अंतर्गत आने वाले गुमालकोंडा, मुक्त्तापुर, सोमनूर, मुकीडिगुत्ता, जुना सोमनूर और नया सोमनूर गांव मूसलाधार बारिश के चलते पूरी तरह संपर्क से कट गए हैं। मुत्तापुर स्थित पुलिया पर नदी का पानी आ जाने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान एंबुलेंस तक नहीं पहुंच सकी। पुलिया पानी में डूब जाने के कारण ग्रामीणों ने जोखिम उठाते हुए महिला को बैलगाड़ी की मदद से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पुलिया डूबने के बाद मरीजों को उपचार के लिए सिरोंचा उपजिला अस्पताल तक पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाता है। किसी भी समय गंभीर स्वास्थ्य आपात स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों की जान पर बन सकती है। बारिश और पुलिया के डूबने से सरकारी कामकाज, विद्यार्थियों की पढ़ाई, स्कूल आने-जाने, आवश्यक सेवाओं, बाजार और ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर भी व्यापक असर पड़ा है।

ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मुक्त्तापुर में ऊंचे पुल का निर्माण करने तथा सभी मौसम में आवागमन सुचारु रखने वाली सड़क व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो तीव्र जनआंदोलन किया जाएगा। इस मांग को लेकर देवीदास लटकरी, इंद्रकुमार गोगुला, रमेश जंगम, हार्यंत कुमारी, श्रीनिवास जंगम, सडवली लटकरी, संजय गोगुला सहित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर मुत्तापुर में ऊंचा पुल और बारहमासी सड़क उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति बन सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |