आगरा। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की ओर से इंडस्ट्रियल एरिया स्थित राधा फार्म हाउस में हरियाली तीज समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अखिल भारतीय महिला शिक्षक संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुलोचना मौर्य एवं विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय मातृ शक्ति प्रमुख भारती रीना सिंह कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में महिला शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हरियाली तीज पर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में पारंपरिक गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुलोचना मौर्य द्वारा संघ की ओर से प्राधिकरण पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और संगठनात्मक एकता को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए संगठन की पदाधिकारियों एवं सभी महिला शिक्षिकाओं ने आयोजकों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। समारोह में बड़ी संख्या में महिला शिक्षक एवं संघ की पदाधिकारी मौजूद रहीं।
