•ठाकुरद्वारा के बलिया गांव में तड़के मचा हड़कंप
•ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
मुरादाबाद(विधान केसरी)। ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के ग्राम बलिया में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वन विभाग द्वारा लगाए गए केज ट्रैप में एक तेंदुआ कैद हो गया। सुबह करीब चार बजे तेंदुए के ट्रैप में फंसने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया गया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की गतिविधियां देखे जाने के बाद वन विभाग की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई थी। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू टीम ने बलिया गांव के आसपास के क्षेत्र में केज ट्रैप लगाया था। इसी ट्रैप में तड़के तेंदुआ फंस गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के दौरान लोगों को मौके से दूर रखा गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी भी जारी रखी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों और जंगल की ओर जाते समय सतर्कता बरतें। तेंदुआ अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब जाने, पीछा करने या उसे परेशान करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
