अमेठीः नीति आयोग के निदेशक ने आकांक्षात्मक विकासखंडों की परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण
August 14, 2026
अमेठी। नीति आयोग, भारत सरकार के निदेशक मोहम्मद जुबैर अली हाशिम ने शुक्रवार को जनपद अमेठी के आकांक्षात्मक विकासखंड जगदीशपुर एवं जामों का भ्रमण कर विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम विकासखंड जगदीशपुर के कमरौली स्थित आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, मरीजों की सुविधाओं एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा आरोग्य मंदिरों को जनविश्वास का केंद्र बनाया जाए। इसके उपरांत उन्होंने तेतारपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति, छात्र उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं एवं स्मार्ट शिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे उनकी प्रतिभा का समुचित विकास हो सके। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने तेतारपुर के आंगनबाड़ी केंद्र का भी अवलोकन किया तथा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्रों पर पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। इसके बाद नीति आयोग के निदेशक ने विकासखंड जामों की ग्राम पंचायत बाबूपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के शैक्षणिक स्तर, नामांकन, उपस्थिति एवं पोषण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सेवाओं की गुणवत्ता में सतत सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य अंतिम पंक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है और इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं बुनियादी सेवाओं के सूचकांकों में निरंतर सुधार आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
