जयपुर में AYUSH PG परीक्षा के दौरान 15 मिनट रही बिजली, 2 घंटे ठप रहे कंप्यूटर
August 22, 2026
देश के विभिन्न हिस्सों से समय-समय पर स्टूडेंट्स का गुस्सा धरना-प्रदर्शन के तौर पर देखने को मिल रहा है। राजस्थान के जयपुर में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) के दौरान कथित अव्यवस्था को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान बिजली गुल हो गई, जिससे कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए और सैकड़ों अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित थी। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने के करीब 20 से 25 मिनट बाद, लगभग 10:20 से 10:25 बजे के बीच बिजली चली गई। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पावर बैकअप या जनरेटर की व्यवस्था नहीं होने के कारण कंप्यूटर सिस्टम लंबे समय तक बंद रहे।
परीक्षा देने के लिए आए अभ्यर्थियों का दावा है कि दो घंटे की परीक्षा अवधि में उन्हें केवल करीब 15 मिनट ही बिजली मिली। आरोप है कि परीक्षा का निर्धारित समय दोपहर 12 बजे समाप्त होने के बाद केंद्र पर जनरेटर पहुंचा। इसके बाद छात्रों को लगा कि परीक्षा में उन्हें कुछ और वक्त मिल जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। परीक्षा देने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलने से छात्रों का गुस्सा भड़क गया और 200 से ज्यादा परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा बाधित होने के बावजूद निर्धारित समय समाप्त होने का हवाला देकर उन्हें केंद्र से बाहर निकाल दिया गया। इस दौरान कई छात्र इमोशनल हो गए। परीभा में पर्याप्त समय नहीं मिलने से मानसिक तनाव बढ़ गया। बताया गया कि मानसिक तनाव के कारण तीन छात्राएं बेहोश हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्रभावित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने परीक्षा केंद्र प्रबंधन और NTA पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और प्रभावित परीक्षार्थियों के लिए जल्द री-एग्जाम आयोजित किया जाए। इस मामले में अभी तक NTA और परीक्षा केंद्र प्रबंधन की प्रतिक्रिया नहीं आई है। अगर परीक्षा के दौरान कंप्यूटर ही बंद हो जाए तो इसमें छात्रों का क्या दोष है? जितने वक्त तक बिजली गुल रही, कंप्यूटर सिस्टम बंद रहा, उतना वक्त तो उन्हें मिलना चाहिए।
