गौरीगंज: राजीव गांधी जयंती पर जायस में गूंजी जायसी की गाथा, 51 विद्यार्थी सम्मानित
August 20, 2026
गौरीगंज/अमेठी। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर मलिक मोहम्मद जायसी इंटर कॉलेज, जायस में महान सूफी संत एवं कवि मलिक मोहम्मद जायसी के जीवन, साहित्य और विचारों पर आधारित निबंध प्रतियोगिता एवं पुरस्कार-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जायस क्षेत्र के प्रसिद्ध साहित्यकारों एवं वरिष्ठ शिक्षाविदों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अमेठी कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनीषा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मलिक मोहम्मद जायसी की साहित्यिक विरासत तथा राजीव गांधी जी के आधुनिक एवं प्रगतिशील भारत के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। कार्यक्रम के आयोजक एवं विद्यालय प्रबंधक अनुराग सिंह, प्रधानाचार्य रामकुमार सिंह तथा कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राजीव गांधी जयंती के अवसर पर अमेठी संसदीय क्षेत्र में 52 विद्यालयों में सामान्य ज्ञान एवं निबंध प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य एवं नेत्र चिकित्सा शिविर, माल्यार्पण, पुष्पार्पण, संगोष्ठी एवं सद्भावना पदयात्राओं सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
