बिहार के गया में दिल दहलाने वाला हादसा, कुएं में उतरे 4 लोगों की मौत
August 15, 2026
बिहार के गया जिले से शुक्रवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गया जिले डोभी प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव में पुराने कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। कुएं में जहरीली गैस के कारण पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर गांव में तेजी से फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण पुराने कुएं में मोटर ठीक करने के लिए उतरा था। कुएं के अंदर जाते ही जहरीली गैस के प्रभाव से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह पानी में छटपटाने लगा। पिता को परेशानी में देख उसका बेटा भी उसे बचाने के लिए कुएं में जा उतरा। इसके बाद दो अन्य लोग भी पिता-पुत्र को बचाने के प्रयास में कुएं में उतर गए। कुछ ही देर में जहरीली गैस के प्रभाव से चारों की हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई।
गया में इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। कुएं से शवों को बाहर निकालने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जहरीली गैस का असर इतना तेज था कि फायर ब्रिगेड का कर्मी भी बेहोश हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रशासनिक और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद कुएं से 4 शवों को बाहर निकाल लिया है। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे में विजय चौधरी, विकास चौधरी, दिलचंद मांझी और चमारी मांझी की मौत हो गई है। मृतकों में विजय चौधरी और विकास चौधरी दोनों पिता पुत्र हैं। आपको बता दें कि हाल ही में बिहार के बांका जिले से भी दर्दनाक घटना सामने आई थी। यहां खेत में रोपनी कर रही 3 महिलाओं की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई, जबकि एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से झुलस गए।
