Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बख्तियारपुर में घर में आग लगने से 3 लोगों की मौत


बिहार की राजधानी पटना से करीब 50 किलोमीटर दूर बख्तियारपुर में शनिवार की रात दर्दनाक हादसा हुआ। पुरानी बाइपास स्थित बाइक पार्ट्स की दुकान और उससे जुड़े मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में सास-बहू और छह महीने की मासूम बच्ची की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, बच्ची के माता-पिता ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान बच्ची की मां का पैर टूट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बख्तियारपुर के पुरानी बाइपास इलाके में शनिवार शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बाइक पार्ट्स की दुकान और उसके पीछे बने मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि दुकान के पीछे बने मकान में दुकान संचालक पंकज कुमार का परिवार रहता था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाया। इस भीषण हादसे में 45 वर्षीय रीमा देवी, उनकी 70 वर्षीय सास गीता देवी और छह महीने की मासूम सुंदरी कुमारी की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रीमा देवी, गीता देवी और छह माह की सुंदरी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रीमा देवी दुकान संचालक पंकज कुमार की पत्नी थीं, जबकि गीता देवी उनकी मां थीं। वहीं, छह महीने की बच्ची सुंदरी कुमारी रिश्ते में उनकी भगिनी बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपने माता-पिता के साथ बख्तियारपुर आई थी। नवादा के हिसुआ निवासी बच्ची की मां मोनी कुमारी और पिता शिवम कुमार आग से बचने के लिए मकान की छत पर पहुंचे और वहां से नीचे कूद गए। इस दौरान मोनी कुमारी का पैर टूट गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग लगने की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। बख्तियारपुर की इस घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सास-बहू और मासूम बच्ची की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। अब पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि आखिर दुकान और मकान में आग किस वजह से लगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |