Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः अजगरा महान संवाद-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए मातहतों को दिशा निर्देश, हर ग्राम पंचायत-वार्ड से होगा प्रतिभागी का चयन


प्रतापगढ़। अजगरा महान संवाद-2026 ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रतियोगिता के सफल, पारदर्शी और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कैम्प कार्यालय सभागार में खंड विकास अधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां समय से पूरी करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 24 से 26 अगस्त तक ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं वार्ड से एक प्रतिभागी का चयन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इस तरह प्रथम चरण में जनपद के कुल 1,427 प्रतिभागियों को चिन्हित किया जाएगा। इसके बाद 29 एवं 30 अगस्त को 17 विकासखंडों और 19 नगरीय निकायों के स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें 36 विजेताओं का चयन किया जाएगा। 2 एवं 3 सितंबर को चार जोनल महासंवाद में 16 प्रतिभागी तथा 5 सितंबर को जिला स्तरीय महासंवाद में आठ प्रतिभागियों का चयन होगा। अंतिम आठ प्रतिभागियों का 6 से 16 सितंबर तक सार्वजनिक परिचय एवं तैयारी कराई जाएगी, जबकि 17 सितंबर को ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा।

डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रतिभागियों का चयन केवल औपचारिकता के लिए न किया जाए। तार्किक क्षमता, ज्ञान, चिंतनशीलता और संवाद-कौशल को चयन का प्रमुख आधार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर तर्क और प्रभावी ढंग से अपने विचार रखने वाले प्रतिभागियों को आगे आने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर सुविधानुसार उपयुक्त संवाद स्थल का चयन कर कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल पूरी तरह निष्पक्ष और संदेह से परे होना चाहिए। निर्णायकों के चयन में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम में वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे प्रतिभागियों और कार्यक्रम की गतिविधियों का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। उन्होंने पूरे आयोजन का अनिवार्य रूप से डॉक्यूमेंटेशन कराने तथा कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों से फीडबैक फॉर्म भरवाने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ में प्रतिभाग करने के लिए न तो किसी शैक्षिक योग्यता की बाध्यता है और न ही आयु सीमा निर्धारित की गई है। समाज के सभी वर्गों के लोग निर्धारित प्रारूप पर आवेदन कर प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतियोगिता से संबंधित निर्धारित प्रारूप एवं अन्य जानकारी के लिए इच्छुक लोग संबंधित विकासखंड कार्यालय, नगर पालिका अथवा नगर पंचायत कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन में अधिकतम जनभागीदारी के साथ पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण चयन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। बैठक में ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेटध्उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, डीएफओ आशुतोष गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |