श्रीलंका में 12 खिलाड़ी करेंगे डेब्यू, ये गजब का फैक्ट आपके होश उड़ा देगा
August 10, 2026
भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से शुरू होगा. ये मुकाबला गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमों के लिए ये सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से महत्वपूर्ण है, जो भी टीम क्लीन स्वीप करेगी वो टॉप-4 में आ सकती है. बेशक ऑन पेपर टीम इंडिया मजबूत है, लेकिन वर्तमान टीम को देखते हुए इसे अनुभवहीन कहना गलत नहीं होगा. खासकर श्रीलंका में, क्योंकि भारतीय स्क्वॉड में शामिल 15 में से 12 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने पहले श्रीलंका में कभी कोई टेस्ट मैच नहीं खेला. हां, कुछ खिलाड़ियों ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के मैच श्रीलंका में खेले हैं लेकिन अंतर्राष्ट्रीय नहीं. इसमें कप्तान शुभमन गिल का भी नाम है.
भारतीय स्क्वॉड में शामिल सिर्फ 3 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने इससे पहले श्रीलंका में टेस्ट खेले हैं. केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव को छोड़कर टीम के किसी खिलाड़ी ने श्रीलंका में पहले कोई टेस्ट नहीं खेला है. राहुल ने श्रीलंका में 5 टेस्ट खेले हैं, जिनकी 8 पारियों में 268 रन बनाए हैं. वह श्रीलंका में 1 शतक और 2 अर्धशतक लगा चुके हैं.
रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका में 2 टेस्ट खेले हैं, जिनमें खेली 2 पारियों में 85 रन बनाए. एक पारी में वह 70 रन बनाकर नाबाद रहे थे. 4 पारियों में उनके नाम 13 विकेट हैं, उन्होंने यहाँ एक बार एक पारी में 5 विकेट लिए थे. कुलदीप यादव ने सिर्फ 1 टेस्ट खेला है, जिसमे उन्होंने कुल 5 विकेट लिए थे.
50 टेस्ट मैच खेल चुके ऋषभ पंत ने भी कभी श्रीलंका में कोई टेस्ट नहीं खेला. पंत ने भारत के बाद सर्वाधिक टेस्ट इंग्लैंड (13) और फिर ऑस्ट्रेलिया (12) में खेले हैं.
