अतीक अहमद के बेटे उमर के बाद अली अहमद के काफिले के पीछे चल रहे 10 वाहनों पर FIR
August 11, 2026
प्रयागराज जाते वक्त अतीक अहमद के बेटे अली अहमद के काफिले को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फतेहपुर से गुजरते समय काफिले में शामिल वाहनों के टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर विवाद और अभद्रता का मामला सामने आया है। इस मामले में दो अलग-अलग थानों में कुल 10 वाहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, अली अहमद अपने भाई अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रयागराज जा रहा था। वह पुलिस अभिरक्षा में झांसी से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान काफिला फतेहपुर से गुजरा। आरोप है कि काफिले के पीछे चल रहे वाहनों ने जिले के दो अलग-अलग टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के साथ विवाद किया।
मामले को लेकर कल्यानपुर थाना और खागा कोतवाली में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। बड़ौरी टोल प्लाजा के मैनेजर की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कल्यानपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं कटोघन टोल प्लाजा के सहायक मैनेजर की शिकायत पर खागा कोतवाली में केस दर्ज हुआ है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि काफिले में शामिल कुछ वाहनों में सवार लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और बिना निर्धारित टोल शुल्क दिए वाहनों को आगे निकालने का दबाव बनाया। आरोप यह भी है कि टोल कर्मियों के विरोध करने पर वाहनों को तेज रफ्तार में उनकी ओर बढ़ाया गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों की जान पर खतरा पैदा हो गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल वाहनों और लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। अली अहमद के भाई अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रयागराज जाने के दौरान यह पूरा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस अभिरक्षा में झांसी से प्रयागराज ले जाए जा रहे अली का काफिला फतेहपुर से होकर गुजरा था। फिलहाल दोनों थानों में दर्ज मुकदमों को लेकर पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया कि अबान अपनी तेज रफ्तार कार से झांसी-कानपुर हाईवे पर सफर कर रहा था। इसी दौरान वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसा इतना गंभीर था कि अबान की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, वह जेल में बंद अपने बड़े भाई से मिलने के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने उसकी जिंदगी खत्म कर दी।
