ODI world Cup 2027 में बनेगा नया कीर्तिमान, आईसीसी ने अभी से कर दिया ऐलान
July 31, 2026
वनडे विश्व कप अगले साल खेला जाएगा, लेकिन इसकी तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है। आईसीसी की ओर से लगातार अपडेट दिए जा रहे हैं। अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में विश्व कप होगा, इसके फॉर्मेट का ऐलान पहले ही आईसीसी ने कर दिया है। इस बीच अब आईसीसी ने उन स्टेडियम के नामों का भी ऐलान कर दिया है, जहां मुकाबले खेले जाएंगे। इसके साथ ही ये तय हो गया है कि अगले साल का विश्व कप अब तक का सबसे बड़ा विश्व कप हो जाएगा। इतने मैच वर्ल्ड कप में कभी नहीं खेले गए, जितने अब होने वाले हैं।
आईसीसी ने उन वेन्यू का ऐलान कर दिया है, जहां अगले साल इसके मैच होंगे। नामीबिया को भले ही इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिली हो, लेकिन उसे केवल एक ही मैच दिया गया है। पहले माना जा रहा था कि अगले साल का विश्व कप साल 2003 के फॉर्मेट पर होगा और इसमें कुल मिलाकर 54 मैच होंगे, लेकिन अब पता चला है कि इसमें थोड़ा सा बदलाव किया गया है। यानी अब कुल मिलाकर 57 मैच खेले जाएंगे। वनडे विश्व कप के इतिहास में कभी इतने मैच नहीं खेले गए हैं।
दरअसल आईसीसी ने पहले ऐलान किया था कि विश्व कप शुरू होते ही सबसे पहले तीन टीमों के बीच एक सुपर सीरीज खेली जाएगी। तीन में से जो टीम पहले नंबर पर रहेगी, वो आगे जाएगी और दूसरे व तीसरे नंबर पर रहने वाली टीमों का टूर्नामेंट वहीं खत्म हो जाएगा। इस सुपर सीरीज में तीन मैच होंगे। इसके बाद ग्रुप स्टेज के मैच शुरू हो जाएंगे। कुल 12 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। इसका मतलब ये हुआ कि इस दौरान कुल मिलाकर 30 मैच होंगे। इसके बाद सुपर 7 होगा, इसमें 21 मैच होने हैं। सेमीफाइनल में दो मैच होंगे और इसके बाद आएगा फाइनल मैच। यानी इस तरह से कुल मिलाकर 57 मैच हो जाएंगे। जो इसे अब तक का सबसे बड़ा विश्व कप बनाएगा।
इससे पहले साल 2003 के विश्व कप में 54 मैच खेले गए थे, जो रिकॉर्ड अगले साल टूट जाएगा। इससे पहले जब 2023 में भारत में विश्व कप हुआ था, तब 48 मैच ही खेले गए थे। इससे पहले साल 2003 का विश्व कप भी साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे में खेला गया था। तब उसके साथ केन्या का भी नाम था, लेकिन इस बार तीसरा देश नामीबिया है। जहां एक मैच होगा। हालांकि अभी ये तय नहीं है कि नामीबिया की क्रिकेट टीम इसमें खेल पाएगी कि नहीं, क्योंकि आईसीसी का फुल मैंबर ना होने के कारण उसे डायरेक्ट एंट्री नहीं मिली है। बहरहाल इतना तय है कि अगले साल अक्टूबर से लेकर नवंबर तक जब ये टूर्नामेंट खेला जाएगा तो खेले जाने वाले मैचों के मामले में जरूर इतिहास बन जाएगा।
