महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ी, हॉस्पिटल में एडमिट
July 04, 2026
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें ठाणे के ज्यूपिटर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, कल से उन्हें हल्का बुखार, शरीर में सुस्ती और बदन दर्द की शिकायत थी। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उनका रूटीन चेकअप किया जा रहा है।सूत्रों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
हालही में उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी के 6 बागी सांसदों ने एकनाथ शिंदे का दामन थाम लिया था और शिंदे गुट में शामिल हो गए थे। इस खबर के सामने आने के बाद महाराष्ट्र की सियासत में हड़कंप मच गया था। इस दौरान एकनाथ शिंदे काफी चर्चित हुए थे।
इस मौके पर शिंदे का बयान भी सामने आया था। शिंदे ने कहा था, "आज हमारे साथ 6 सांसद शामिल हुए हैं। अब एक नहीं छह टाइगर यहां मौजूद हैं। हम कोई ऑपरेशन आधा अधूरा नहीं करते। ऑपरेशन पूरा हो चुका है। सभी प्रक्रिया का पालन कर छह सांसद हमारे साथ जुड़ गए हैं।"
शिंदे ने ये भी कहा था, "अब ऑपरेशन टाइगर पूरी तरह सफल हो चुका है। चार साल पहले जब हमने उठाव किया था, तब 40 विधायक हमारे साथ थे। उस समय हमारा उद्देश्य शिवसेना और बालासाहेब ठाकरे के विचारों को बचाना था। अब दूसरा अध्याय शुरू हो चुका है और छह सांसद हमारे साथ जुड़े हैं।"
गौरतलब है कि एकनाथ शिंदे का राजनीतिक जीवन काफी दिलचस्प रहा है। पहले उन्होंने उद्धव ठाकरे से अलग होकर अपना गुट बनाया और फिर महाराष्ट्र की सत्ता पर काबिज होकर सीएम बने। अगले विधानसभा चुनाव में उन्हें डिप्टी सीएम पद पर बैठाया गया। महाराष्ट्र की सियासत के जानकार मानते हैं कि शिंदे एक कुशल राजनीतिज्ञ हैं और सत्ता में कैसे बना रहना है, यह उन्हें आता है। यही कारण भी है कि बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शिवसेना यूबीटी छोड़कर शिंदे के पाले में आए हैं।
फिलहाल तो शिंदे समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
