कॉकरोच जनता पार्टी के साथ-साथ लेफ्ट गुट प्रदर्शन में पत्रकारों पर हुए हमलों पर बोले सीएम शुभेंदु अधिकारी! जिस तरह से मीडिया कर्मियों की हत्या करने को कोशिश की गई, उनका खून बहाने और उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई, उसे लेकर अब तक सात मामले दर्ज किए गए हैं
July 26, 2026
नीट परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों और युवाओं के भारी प्रदर्शन के साथ-साथ देश के कई राज्यों में भी बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन हुए. इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी नीट पेपर लीक और छात्रों की आत्महत्या के विरोध में भारी प्रदर्शन किया गया, जिसमें कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के साथ-साथ लेफ्ट गुट के लोग भी शामिल हुए. वहीं, कोलकाता में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह वामपंथियों का प्रदर्शन नहीं था, बल्कि यह सेल्फ-डिक्लेयर्ड कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन था. जिसमें बाद में वामपंथी भी शामिल हो गए.
सीजेपी-लेफ्ट छात्र प्रदर्शन के दौरान मीडिया कर्मियों पर हुए हमलों को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नाराजगी जताई. शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘जो भी लोग नीट आंदोलन से जुड़े थे, उनमें से कोई भी इस घटना (मीडिया कर्मियों पर हमले) में शामिल नहीं है. मैंने खुद देखा है. उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लिखा है कि पत्रकारों पर हुए इन बर्बर हमलों की जिम्मेदारी वो नहीं ले रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने मुझे पूरी रिपोर्ट भेजी थी, जिन्हें मैंने खुद देखा है. यह पूरी तरह से विदेशी ताकतों की तरफ से प्रायोजित भी हो सकता है. इसकी पुष्टि जांच एजेंसियां ही कर सकेंगी.’
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘जिस तरह से मीडिया कर्मियों की हत्या करने को कोशिश की गई, उनका खून बहाने और उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई, उसे लेकर अब तक सात मामले दर्ज किए गए हैं. ये सभी मामले पत्रकारों की शिकायतों पर दर्ज किए गए हैं. वहीं, पुलिस ने भी अपनी ओर से कुछ मामलों को दर्ज किया है.’
