Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मधेपुरा में लैब मैनेजर की हत्या, धान के खेत में बोरे में मिला शव


बिहार के मधेपुरा जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। यहां एक लैब मैनेजर की बेरहमी से हत्या कर शव को बोरे में बंद करके धान के खेत में फेंक दिया गया। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

मधेपुरा में मौर्या लैब के मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के बालम गढ़िया वार्ड एक निवासी बाबू साहब यादव (24) का शव बुधवार शाम घर से करीब 10 किलोमीटर दूर रतनपुरा-दुधैला सड़क के किनारे एक धान के खेत से बोरे में बंद बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

वहीं पुलिस ने पत्नी के आवेदन पर पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार बाबू साहब यादव बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के सबैला भगवानपुर निवासी मनी कुमार ने उन्हें किसी जरूरी काम से बुलाया है। इससे पहले उन्हें मनी कुमार का फोन आया था। पत्नी का आरोप है कि कुछ देर बाद मनी कुमार की पत्नी पूजा कुमारी और फिर अन्य लोगों का भी फोन आया, जिसके बाद वह घर से अपनी बाइक से निकल गए। घर से निकलते समय उन्होंने कहा था कि उन्हें उक्त लोगों ने काम से बुलाया है। पत्नी निशा कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि दोपहर करीब दो बजे जब उन्होंने पति से संपर्क करने की कोशिश की तो दोनों मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले। शाम करीब सात बजे फेसबुक के माध्यम से उन्हें पति का शव मिलने की जानकारी मिली। बाद में पता चला कि पुलिस ने रतनपुरा-दुधैला के पास धान के खेत से बोरे में बंद शव बरामद किया है।

आवेदन में कहा गया है कि बाबू साहब मौर्या लैब में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह एमजी हॉस्पिटल समेत तीन ब्लड कलेक्शन सेंटरों से सैंपल लेकर जांच के लिए लैब पहुंचाते थे। पत्नी का आरोप है कि मनी कुमार के साथ उनका पैसों का लेन-देन भी था। उन्होंने आशंका जताई है कि मनी कुमार, उसकी पत्नी पूजा कुमारी, नयन कुमार, नरेश यादव, मनिता देवी तथा पांच से सात अज्ञात लोगों ने मिलकर उनके पति की हत्या की और शव को बोरे में बंद कर धान के खेत में फेंक दिया।

परिजनों का कहना है कि शव के गले पर काला निशान था और मुंह से खून निकल रहा था, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाबू साहब की बाइक, मोबाइल फोन और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी भी गायब है। सदर थाना पुलिस ने पत्नी के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण महतो का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इसके अलावा नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मधेपुरा के ASP प्रवेंद्र भारती ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |