Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, छिन गई एक परिवार की खुशियां


राजस्थान की राजधानी जयपुर के पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित वंदे मातरम् रोड पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक तेज गति से दौड़ रही सेल्टॉस कार ने स्कूटी सवार युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विकल्प उर्फ राजा मीणा के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार ड्राइवर गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार काफी तेज रफ्तार में थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार की वजह से ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह अचानक अनियंत्रित होकर स्कूटी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार के टायर तक फट गए। घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद सामने आए CCTV फुटेज में पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर स्कूटी सवार को टक्कर मारती नजर आ रही है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच कर रही है और फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। वहीं लगातार हो रहे सड़क हादसों के चलते वंदे मातरम् रोड की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।

बारिश के मौसम में आमतौर पर वाहनों की रफ्तार कम रखने की सलाह दी जाती है, ताकि धुंध और फिसलन के बीच वाहन सुरक्षित तरीके से चलाए जा सकें। लेकिन सामने आए CCTV फुटेज में कार की रफ्तार काफी तेज दिखाई दे रही है। इसी लापरवाही ने एक स्कूटी सवार युवक की जान ले ली और एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। बता दें कि हाल ही में राजस्थान में एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर से टकरा गई थी, जिसमें 5 युवकों की मौत हो गई थी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |