प्रतापगढः एसडीएम के जाली हस्ताक्षर से मेडिकल कराने पर आरोपिता समेत अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
July 31, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। एसडीएम के जाली हस्ताक्षर से चिकित्सीय परीक्षण कराकर पति के खिलाफ केस दर्ज कराना पत्नी को मंहगा पड़ा है। कोर्ट के फरमान पर लालगंज पुलिस ने आरोपिता समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। मानिकपुर थाना के गढ़ी मानिकपुर निवासी मो0 मुस्तफा पुत्र मो0 शोएब ने लालगंज एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। पीड़ित ने प्रार्थना पत्र में कहा कि उसकी पत्नी लालगंज कोतवाली के रामपुर बावली निवासी मो0 शब्बीर की पुत्री शबाना बानो ने बीते वर्ष 2023 में तत्कालीन लालगंज एसडीएम को संबोधित प्रार्थना पत्र में जाली हस्ताक्षर के जरिए लालगंज सीएचसी में मेडिकल कराया। कूटरचित जाली आदेश को लेकर उसने चिकित्साधिकारी को धता बताकर अपना चिकित्सीय परीक्षण करा लिया। इसके बाद आरोपिता ने सक्षम न्यायालय में फौजदारी का परिवाद प्रस्तुत कर दिया। कोर्ट के आदेश की पीड़ित को जानकारी हुई तब उसने लालगंज के तत्कालीन एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा को वर्ष 2025 में सत्रह सितंबर को प्रार्थना पत्र देकर तत्कालीन एसडीएम लालधर यादव से आदेश के सत्यापन का अनुरोध किया। पत्राचार के तहत बहराइच जिले में तैनात रहे एसडीएम लालधर यादव ने जरिये पत्र में आदेश एवं हस्ताक्षर को फर्जी करार दिया। वहीं एसडीएम लालधर यादव ने लालगंज सीओ को उक्त फर्जी आदेश को लेकर विधिक कार्रवाई भी किये जाने को लेकर पत्र संदर्भित किया। पीड़ित ने पुलिस अफसरों से कार्रवाई की गुहार की। सुनवाई न होने पर पीड़ित ने एसडीएम के फर्जी पृष्ठांकन आदेश बनाए जाने को लेकर एसीजेएम कोर्ट में फरियाद की। एसीजेएम डॉ0 के मल्लिकार्जुन ने लालगंज कोतवाली को आरोपिता समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ कूटरचना व धोखाधड़ी का केस दर्ज करने के निर्देश दिये। कोर्ट की फटकार पर लालगंज पुलिस ने आरोपिता शबाना समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया है।
.jpg)