गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई डबल डेकर बस; 2 की मौत
July 26, 2026
यूपी के संभल जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां गंगा एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि यूपी के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर बहराइच से पंजाब जा रही एक डबल-डेकर बस डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। यह हादसा संभल के बहजोई पुलिस स्टेशन इलाके में लहरावन इंटरचेंज के पास हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान नेहा (17) और चिंटू (36) के तौर पर हुई है। वहीं आनन-फानन में दो दर्जन से ज़्यादा घायल यात्रियों को बहजोई के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें शुरुआती इलाज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
वहीं हादसे को लेकर चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. तरुण पाठक ने बताया कि ऐसा लगता है कि यह हादसा ड्राइवर को गाड़ी चलाते समय नींद आने की वजह से हुआ। उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि ड्राइवर सो गया था, जिससे यह हादसा हुआ। सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20-25 लोग घायल हो गए और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।" वहीं लखीमपुर खीरी के रहने वाले एक यात्री राम लखन ने दावा किया कि हादसे से कुछ देर पहले ही बस अपनी लेन से हट गई थी। उन्होंने कहा, "हादसे की जगह से लगभग 50 मीटर पहले ही बस एक तरफ चली गई थी। यात्री चिल्लाते रहे, लेकिन ड्राइवर सो गया था। इसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।" फिलहाल पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।
