Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः 2027 की सियासत पर आनंद स्वरूप शुक्ल का बड़ा ऐलान, कहा-बैरिया नहीं, बलिया नगर से लड़ूंगा विधानसभा चुनाव! पूर्व मंत्री बोले-मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि बलिया नगर है, कार्यकर्ता चाहते हैं यहीं से विधायक बनूं और मंत्री बनूं


बलिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बलिया की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता आनंद स्वरूप शुक्ल ने साफ कर दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव बैरिया से नहीं, बल्कि बलिया नगर विधानसभा सीट से लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि बलिया नगर में उन्होंने भाजपा का सबसे बड़ा सदस्यता अभियान चलाया है और क्षेत्र के कार्यकर्ताओं व समर्थकों की इच्छा है कि वह यहीं से चुनाव लड़कर विधायक और मंत्री बनें।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने अपनी चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा संकेत देते हुए घोषणा की है कि वह आगामी चुनाव बैरिया विधानसभा क्षेत्र से नहीं, बल्कि बलिया नगर विधानसभा सीट से लड़ेंगे।

बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र के बहादुर गांव में आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आनंद स्वरूप शुक्ल ने कहा कि ष्मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि बलिया नगर है। मैंने भाजपा का सबसे अधिक सदस्य बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र में बनाया है। मेरे समर्थक और कार्यकर्ता चाहते हैं कि मैं बलिया नगर से चुनाव लड़ूं, विधायक बनूं और मंत्री बनकर क्षेत्र की सेवा करूं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार उनका पूरा राजनीतिक फोकस बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र पर रहेगा और वह इसी सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

पूर्व मंत्री के इस ऐलान को बलिया की भाजपा राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव में अभी समय है, लेकिन संभावित दावेदारों ने अभी से अपनी-अपनी जमीन मजबूत करनी शुरू कर दी है।

इन दिनों आनंद स्वरूप शुक्ल लगातार गांव-गांव जाकर कार्यकर्ता सम्मेलनों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को सक्रिय करने में जुटे हैं। वह कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर आगामी चुनाव की रणनीति को धार देने का प्रयास कर रहे हैं।

पूर्व मंत्री के इस सार्वजनिक ऐलान के बाद बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अब आगामी दिनों में भाजपा संगठन और अन्य राजनीतिक दलों की रणनीति पर भी सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |