Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रुद्रपुर: मोदी-धामी के विकास की गंगा शहर के हर कोने तक पहुंचेगी- विकास शर्मा


  • महापौर ने 1.59 करोड़ की लागत से नेताजी सुभाष रजत जयंती पार्क का किया शिलान्यास

रुद्रपुर । नगर निगम रुद्रपुर की ओर से ट्रांजिट कैंप, वार्ड -3 में 1 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नेताजी सुभाष रजत जयंती पार्क का महापौर विकास शर्मा ने विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने महापौर का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रत्येक शहर को एक-एक रजत जयंती पार्क की सौगात दी गई है। रुद्रपुर के लिए यह पार्क ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैंप हमेशा भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और कठिन परिस्थितियों में भी क्षेत्रवासियों ने संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व उन्होंने बस्तियों को भी शहर की मुख्यधारा के विकास से जोड़ने का संकल्प लिया था, जिस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। ट्रांजिट कैंप में बनने वाला रजत जयंती पार्क उसी संकल्प का परिणाम है।

महापौर ने बताया कि पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। यहां भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक बाउंड्रीवाल, बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र एवं बैठने की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी। पार्क परिसर स्थित मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा तथा यहां भव्य त्रिशूल भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क इतना आकर्षक होगा कि इसे देखने के लिए शहर के अन्य क्षेत्रों के लोग भी यहां आएंगे।

महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के अन्य प्रमुख पार्कों के कायाकल्प पर भी कार्य कर रहा है। गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 5.50 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हो चुकी है, जबकि सिडकुल क्षेत्र के निकट लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से उत्तरायणी पार्क का निर्माण भी स्वीकृत हो गया है।

महापौर ने कहा कि अपने सवा वर्ष के कार्यकाल में नगर निगम ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जल्द ही ट्रांजिट कैंप में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया जाएगा, जहां हाउस टैक्स जमा करने सहित निगम की लगभग सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी। यहां सीएससी सेंटर भी संचालित किया जाएगा, जिससे ट्रांजिट कैंप के करीब दस वार्डों के लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए नगर निगम मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि आवास विकास क्षेत्र में पहले से संचालित निगम कार्यालय से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।

महापौर ने कहा कि ट्रांजिट कैंप का स्वरूप पूरी तरह बदला जाएगा। मुख्य मार्ग के दोनों ओर टाइल्स बिछाई जाएंगी । अटरिया रोड के नाले को शीघ्र कवर किया जाएगा। इसके अलावा अटरिया चैक से नई मिनी बाईपास सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जो शहर के लिए नई लाइफलाइन साबित होगी। वहीं गंगापुर रोड को भी टू-लेन बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम ने केवल घोषणाएं नहीं कीं बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारा है। अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, लेकिन धार्मिक स्थलों की आड़ में सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को आध्यात्मिक पहचान देने की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है। शहर के प्रवेश द्वार पर भव्य त्रिशूल इसकी शुरुआत है। आगामी 4 जुलाई को डमरू चैक का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा 51 फीट ऊंची भगवान महादेव की प्रतिमा स्थापित करने तथा गंगापुर रोड स्थित तीन प्रमुख मंदिरों को जोड़कर भव्य धार्मिक कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

महपौर ने बताया कि नगर निगम ने एक वर्ष के भीतर लगभग 102 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए हैं। शहर को जलभराव की स्थायी समस्या से मुक्त कराने के लिए केंद्र सरकार को 450 करोड़ रुपये की परियोजना भेजी गई है, जिसमें प्रथम चरण के लिए 184 करोड़ रुपये स्वीकृत होने की प्रक्रिया में हैं। इसके अलावा कल्याणी नदी के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम अपना पेट्रोल पंप स्थापित करने की तैयारी कर रहा है। शहर में सात नए बारात घर, युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी, किच्छा रोड पर अतिक्रमण मुक्त कराई गई ढाई एकड़ भूमि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा ट्रांजिट कैंप फुटबॉल मैदान के कायाकल्प की योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से रुद्रपुर के प्रत्येक क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई जाएगी। शहर के प्रमुख मंदिरों का चरणबद्ध तरीके से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। अटरिया मंदिर से इसकी शुरुआत हो चुकी है और आने वाले समय में अन्य प्रमुख मंदिरों को भी आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।

महापौर ने विश्वास जताया कि शेष कार्यकाल में रुद्रपुर को आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जाएगा तथा ट्रांजिट कैंप को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए स्वरूप में स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, पार्षद शुभम दास, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र गुप्ता, चन्द्रशेखर गांगुली, पार्षद मानवेन्द्र सिंह, आलोक, छात्रसंघ अध्यक्ष रजत बिष्ट, तुलसी साह, प्रमोद मित्तल, दलीप अधिकारी, अशोक विश्वास, अमित वैद्य, सुबीर, कार्तिक चक्रवर्ती, अधीर मंडल, देवशीष मंडल, बाबू मजूमदार, गोपाल मिस्त्री, अर्जुन विश्वास, सचिन पांडे, इंद्राणी वैद्य, विश्वजीत, आशीर्ष, गोविंद शर्मा, सौरभ, आकाश, आदेश, मुकेश, प्रदीप साना सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |