प्रतापगढः जेसीबी मशीन से घर गिराए जाने के आरोपी को कोर्ट ने भेजा जेल! नाराज वकीलों ने कामकाज का किया बहिष्कारः पांच नामजद तथा साठ अज्ञात के खिलाफ
June 03, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। असलहे के साथ धावा बोलकर जेसीबी मशीन से पीड़िता का मकान ढ़हाये जाने को लेकर पुलिस ने आरोपी पर तगड़ा शिकंजा कसा है। वहीं कोर्ट ने भी पुलिस द्वारा दबोचे गये आरोपी की जमानत निरस्त कर उसे जेल भेज दिया है। हालांकि आरोपी के अधिवक्ता होने के कारण साथी वकीलों ने नाराजगी जताते हुए बुधवार को तहसील में न्यायिक कामकाज के बहिष्कार का प्रस्ताव पारित किया। इसके कारण तहसील में बुधवार को न्यायिक कामकाज बाधित दिखा। लालगंज कोतवाली के पूरे भुवन मोठिन निवासी शीतला प्रसाद की पत्नी राजकुमारी की तहरीर पर पुलिस ने बीती इक्तीस मई को दबंगो द्वारा उसके मकान को जेसीबी मशीन से गिराए जाने के प्रयास के साथ मारपीट और जानलेवा हमले को लेकर गांव के रामकृष्ण दुबे उर्फ पण्डित दुबे समेत पांच नामजद तथा साठ अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने दर्ज मुकदमें में विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ सम्पत्ति के भारी नुकसान को लेकर धाराओं में बढोत्तरी भी कर दी। लालगंज के दरोगा ध्रुव सिंह ने फोर्स के साथ गश्त के दौरान मंगलवार की देर शाम घटना में शामिल आरोपी रामकृष्ण दुबे उर्फ पण्डित दुबे पुत्र रामनिहोर को मोठिन ब्रम्हचारी का पुरवा तिराहे के पास से हिरासत में लेने का दावा जताया है। रामकृष्ण दुबे उर्फ पण्डित दुबे तहसील में अधिवक्ता हैं। साथी के लालगंज कोतवाली में हिरासत मे होने की जानकारी होते ही मंगलवार की देर शाम कोतवाली व सीओ कार्यालय में अधिवक्ताओं का भी जमावड़ा हो उठा। संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी व उपाध्यक्ष नामवर सिंह ने अधिवक्ताओं के साथ सीओ लालगंज आशुतोष मिश्र से मिलकर पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी जतायी। अगले दिन बुधवार को साथी की गिरफ्तारी को लेकर नाराज वकीलों ने तहसील में कामकाज के बहिष्कार का ऐलान किया। इधर पुलिस ने हिरासत मे लिए गए आरोपी रामकृष्ण दुबे को बुधवार की सुबह लालगंज दीवानी कोर्ट में पेश किया। यहां रामकृष्ण दुबे की तरफ से जमानत दाखिल किया गया। जमानत पर आरोपी के अधिवक्ताओं ने कोर्ट में बहस की। सुनवाई के बाद न्यायिक मजिस्टेªट अशोक कुमार ने जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर आरोपी को जेल भेजे जाने का आदेश पारित किया। इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में आरोपी रामकृष्ण दुबे को जिला कारागार में भेज दिया गया। घटना को लेकर आरोपी रामकृष्ण दुबे की गिरफ्तारी से बुधवार को भी दीवानी तथा तहसील परिसर में वकीलों में नाराजगी दिखी।
.jpg)