प्रतापगढ़। ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगलवार के अवसर पर दिनांक 02 जून 2026 की रात्रि को प्राचीन श्री चित्रगुप्त भगवान पंचधाम मंदिर, टेऊंगा, प्रतापगढ़ में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, प्रतापगढ़ द्वारा श्री चित्रगुप्त भगवान एवं हनुमान जी का दिव्य पूजन, सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंद्रसेन श्रीवास्तव रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अरविंद श्रीवास्तव (संस्थापक, साकेत शिक्षण संस्थान), डॉ. सुशील कुमार सिन्हा (पूर्व अध्यक्ष, कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट एवं निदेशक, द्वारका हॉस्पिटल, प्रयागराज) तथा श्री श्याम चंद्र श्रीवास्तव (प्रदेश महामंत्री, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, उत्तर प्रदेश) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नीरज त्रिपाठी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रतापगढ़ ने की तथा संचालन श्री सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, प्रतापगढ़ ने किया।
मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं कार्यक्रम अध्यक्ष का बुके एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत एवं सम्मान समारोह में श्री आशीष कुमार श्रीवास्तव (उपाध्यक्ष, जूनियर बार एसोसिएशन पुरातन एवं जिलाध्यक्ष अधिवक्ता महासभा), श्री दीपक श्रीवास्तव (जिला महामंत्री), श्री संजय श्रीवास्तव (जिला कोषाध्यक्ष), श्री राजीव कुमार श्रीवास्तव (जिलाध्यक्ष शिक्षक प्रकोष्ठ), श्री अनुपम श्रीवास्तव उर्फ बी.के. लाला (जिलाध्यक्ष राजनीतिक प्रकोष्ठ), श्री नवीन श्रीवास्तव (सदर तहसील अध्यक्ष), श्री रजनीश कुमार श्रीवास्तव (पट्टी तहसील अध्यक्ष), श्री सुधीर श्रीवास्तव अधिवक्ता (रानीगंज तहसील अध्यक्ष), श्री अमित श्रीवास्तव ‘बाबा’ (कुंडा तहसील अध्यक्ष) सहित नव निर्वाचित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. इंद्रसेन श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज को सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत करते हुए राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठित होना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने के लिए समाज की एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद जनपद में स्वर्गीय बाबूलाल जी पूर्व विधायक के पश्चात समाज की राजनीतिक भागीदारी अपेक्षित स्तर पर नहीं रही, जो चिंतन का विषय है। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नव निर्वाचित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर माल्यार्पण के साथ सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, श्री चित्रगुप्त भगवान एवं हनुमान जी की आरती, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके उपरांत महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाज के गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए डॉ. नीरज त्रिपाठी ने सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती एवं समाज के सर्वांगीण विकास पर बल दिया। अंत में जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ने उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं स्वजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
.jpg)