लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम और तहसील बक्शी का तालाब की संयुक्त टीम ने बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मड़ियाव, तिवारीपुर और रसूलपुर कायस्थ गांवों में तालाब और चारागाह की सरकारी जमीनों पर की गई अवैध प्लाटिंग और बाउंड्रीवाल को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया।
इस संयुक्त अभियान में कुल 1.265 हेक्टेयर (लगभग 27 करोड़ रुपये बाजार मूल्य) सरकारी भूमि को भू-माफियाओं से मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी साहिल कुमार, प्रभारी अधिकारी रामेश्वर प्रसाद और नगर निगम की ईटीएफ टीम मुख्य रूप से मौजूद रही।
