लखनऊ: खेत में मिला 22 वर्षीय युवक का शव, परिजन बोले-हुई है हत्या
June 02, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन के इटौंजा थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक युवक का शव खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान इंद्रपुरी कॉलोनी, माड़ियाव निवासी 22 वर्षीय सचिन के रूप में हुई है। मृतक सचिन सिंह के शरीर पर चोट के निशान और गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। वहीं परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए रिश्तेदार पर आरोप लगाया है। वहीं परिजनों के अनुसार, सचिन सोमवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था,मंगलवार सुबह उसकी अपनी मां से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उसने बताया था कि वह अपने मामा ब्रजेश के साथ है। इसके कुछ घंटों बाद उसका शव खेत में पड़ा मिला। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, सचिन के पिता रामशंकर सिंह मंगलवार सुबह मड़ियांव थाने भी गए थे, लेकिन वहां कोई गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई थी। वहीं इटौंजा पुलिस के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
