Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

तमिलनाडु में राहुल गांधी का 'हाथ' विजय के साथ, कांग्रेस करेगी समर्थन


तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ऐतिहासिक उलटफेर करते हुए 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. कांग्रेस ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए विजय की टीवीके पार्टी को समर्थन दिया है. इससे पहले विजय ने राज्य में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन मांगा था. ऑल इंडिया कांग्रेस समिति (AICC) ने मंगलवार (5 मई) को कहा कि उसने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) को समर्थन देने पर अंतिम फैसला तमिलनाडु इकाई पर छोड़ा है.

कांग्रेस की वर्चुअल मीटिंग में टीवीके को समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया गया है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के समर्थन देने का औपचारिक पत्र बुधवार यानी आज 6 मई को जारी हो सकता है. इसके बाद कांग्रेस विधायक विजय से मुलाकात कर सकते हैं. मीटिंग में गठबंधन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने और सरकार गठन की अगली दिशा तय होने की उम्मीद है. रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के समर्थन की जानकरी टीवीके नेतृत्व को पहले ही दे दी गई है, जिससे दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन लगभग पक्का हो गया है.

इससे पहले मंगलवार (5 मई) को कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने के आखिरी फैसले को तमिलनाडु इकाई पर छोड़ा था. कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि 'तमिलनाडु के चुनाव नतीजे यह साफ दिखाते हैं कि जनता एक धर्मनिरपेक्ष सरकार चाहती है, जो संविधान का पूरी तरह पालन करे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह तय करना चाहती है कि बीजेपी या उसके सहयोगियों की अगली सरकार में कोई भूमिका न हो. वेणुगोपाल ने कहा कि जनता की भावना के अनुसार ही फैसला लिया जाएगा.'

234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिए. टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन बहुमत से 10 सीट पीछे है. इस शानदार प्रदर्शन से तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है, जहां पहले डीएमके और एआईएडीएमके का दबदबा रहा. युवाओं और शहरी मतदाताओं के समर्थन से विजय की पार्टी अब सरकार बनाने की दौड़ में सबसे आगे है. सरकार बनाने के लिए टीवीके अब अन्य दलों से गठबंधन की कोशिश कर रही है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |