दोस्त की शादी में DJ पर डांस करते-करते युवक की मौत
April 08, 2026
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना में सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। गोंडपीपरी तहसील क्षेत्र के फुर्डीहेटी गांव में दोस्त की शादी में शामिल 25 वर्षीय युवक की डांस करते-करते अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान अल्पेश दहागावकर के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में DJ की धुन पर सभी लोग जश्न में डूबे हुए थे और अल्पेश भी जोश के साथ नाच रहा था, लेकिन इसी दौरान अचानक वह जमीन पर गिर पड़ा। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह मजाक कर रहा है या थककर बैठ गया है लेकिन जब काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो हड़कंप मच गया।
परिजन और दोस्तों ने उसे तुरंत गोंडपिपरी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हार्ट अटैक से मौत की वजह बताई जा रही है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि मृत्यु का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
