आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के धनौली में आज महिला शक्ति के नेतृत्व में एक विशाल जनाक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह एवं वरिष्ठ नेता छोटेलाल वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और एकजुट होकर विपक्षी दलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मातृशक्ति ने एक स्वर में कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल को गिराए जाने के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस कदम से देश की महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है, जिसके चलते अब पूरे देश में महिला शक्ति विपक्ष के खिलाफ लामबंद हो रही है।
कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महिला हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
रैली के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की तथा अपने अधिकारों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ।
