गौरीगंज: बाल श्रम के खिलाफ विशेष अभियान, किया गया निरीक्षण
April 01, 2026
गौरीगंज/अमेठी। जनपद में बाल श्रम के विरुद्ध सख्ती बरतते हुए उपजिलाधिकारी गौरीगंज एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने मुंशीगंज क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर बाल श्रम पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने की कार्रवाई की। इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल कल्याण समिति एवं मानव तस्करी रोधक इकाई (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने मुंशीगंज चैराहा, होटलों, स्पा सेंटरों तथा संजय गांधी नर्सिंग हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम न कराने की कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान किसी भी स्पा सेंटर में नाबालिग बालक या बालिका कार्यरत नहीं पाए गए। हालांकि संबंधित संचालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि नाबालिगों से कार्य कराना गैरकानूनी है और भविष्य में ऐसा पाए जाने पर बाल श्रम कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान में चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव एवं रुचि सिंह, बाल कल्याण समिति के नीरज पांडे, एएचटीयू टीम प्रभारी रामराज कुशवाहा, हेड कांस्टेबल शिवा प्रताप सिंह तथा थाना मुंशीगंज की पुलिस टीम मौजूद रही।
