न्यू रोहतक रोड पर ट्रैफिक को लेकर दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी, डेढ़ महीने तक रहेगा असर
April 14, 2026
दिल्ली पुलिस ने न्यू रोहतक रोड पर ट्रैफिक को लेकर एडवाइजरी जारी की है, जिसके मुताबिक 9 अप्रैल से 17 मई 2026 तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा. इस दौरान यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है. बता दें कि दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड की ओर से 220 केवी अंडरग्राउंड केबल बिछाने के काम किया जा रहा है. जिसके चलते यह निर्णय लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, यह ट्रैफिक बदलाव दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड द्वारा 220 केवी अंडरग्राउंड केबल बिछाने के काम के चलते किया जा रहा है. सड़क पर कटिंग और निर्माण कार्य के कारण कई जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही धीमी हो सकती है. यह काम लगातार कई हफ्तों तक जारी रहेगा.
एडवाइजरी के अनुसार, न्यू रोहतक रोड पर लिबर्टी सिनेमा से कमल टी-पॉइंट के बीच का हिस्सा सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा. इस रूट पर रोजाना भारी ट्रैफिक रहता है, इसलिए यहां जाम की स्थिति बनने की संभावना अधिक है. सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक का समय सबसे ज्यादा व्यस्त रहने वाला है. इन घंटों के दौरान इस मार्ग से गुजरने से बचने की सलाह दी गई है, ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके
यात्रियों को सुझाव दिया गया है कि वे देश बंधु गुप्ता रोड का इस्तेमाल वैकल्पिक रास्ते के तौर पर करें. साथ ही घर से निकलने से पहले अपने रूट की योजना बनाना बेहतर रहेगा, ताकि ट्रैफिक में फंसने की नौबत न आए. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और ट्रैफिक संकेतों को नजरअंदाज न करें. किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए आधिकारिक चैनलों के जरिए लगातार अपडेट लेते रहना जरूरी है.
