नेशनल हाईवे पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हो गया खाक
April 23, 2026
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बुधवार को हड़कंप मच गया। यहां नेशनल हाईवे-16 पर पालासुनी ओवरब्रिज के पास एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग के गोले में बदल गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, यह ट्रक पारादीप से गुजरात जा रहा था। जैसे ही ट्रक पालासुनी ओवरब्रिज के पास पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। आसमान में काले धुएं के गुबार छा गए, जिससे सड़क पर चल रहे लोग घबरा गए और अपनी गाड़ियां रोक दीं।
इस दौरान ट्रक के ड्राइवर और हेल्पर ने समझदारी दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। दोनों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन वे पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर कर्मियों की कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के वाहनों को नुकसान होने से बचा लिया गया।
हालांकि, इस घटना की वजह से नेशनल हाईवे-16 पर कई देर तक ट्रैफिक पूरी तरह ठप रहा। ओवरब्रिज के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राथमिक जांच के अनुसार, आग लगने की वजह तेज गर्मी और हीटवेव को माना जा रहा है, लेकिन असली कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
इस घटना ने सड़क पर सुरक्षा और वाहन की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
