इकाना स्टेडियम बना जंग का अखाड़ा! लखनऊ-दिल्ली के मैच में दर्शकों के बीच जमकर हुई मारपीट
April 02, 2026
आईपीएल 2026 का पांचवां लीग मैच बीते बुधवार (01 अप्रैल) लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया. मुकाबले में दिल्ली ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. मैच के बाद फैंस का ध्यान सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली एक वीडियो पर गया, जिसमें स्टैंड्स में मौजूद कुछ दर्शक मारपीट करते हुए दिखे.
वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ फैंस आपस में जमकर एक दूसरे के ऊपर लात-घूंसे चला रहे हैं. लड़ाई करने वाले दर्शकों को फौरन स्टेडियम में मौजूद पुलिसकर्मियों ने अलग किया. हालांकि लड़ाई क्यों हुईं इस बारे में अब तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है.
बात करें मुकाबले की, तो लो स्कोरिंग मैच में दिल्ली ने 6 विकेट से जीत दर्ज की. मैच बड़ा ही दिलचस्प रहा. पहली पारी के बाद लगा दिल्ली आसानी से जीत दर्ज कर लेगी, लेकिन दूसरी पारी में लखनऊ के गेंदबाजों ने शुरुआत में कमाल करते हुए दिल्ली को जीत से बहुत दूर कर दिया था. फिर दिल्ली के लिए नंबर पांच की जोड़ी ने शानदार साझेदारी करते हुए टीम को जीत की लाइन पार करवा दी.
मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. लखनऊ की टीम पहले बैटिंग करते हुए 18.4 ओवर में 141 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए अब्दुल समद ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 25 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 36 रन स्कोर किए. इसके अलावा मिचेल मार्श ने 35 रनों की पारी खेली. टीम के लिए बैटिंग पर उतरे 11 बल्लेबाजों में से 6 तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके.
रन चेज के लिए उतरी अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ल कैपिटल्स ने सिर्फ 26 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे. फिर समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स की जोड़ी ने पांचवें विकेट के लिए 119 (76 गेंद) रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई. समीर ने 47 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 70* रन स्कोर किए. स्टब्स ने 32 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्का लगाकर 39* रन बनाए.
