तरविंदर मारवाह का आप पर हमला! कहा-सांसद को रोकना पार्टी के अधिकार में नहीं
April 08, 2026
आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा राघव चड्ढा को पार्टी के राज्यसभा उपनेता पद से हटाए जाने पर बीजेपी विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि राघव चड्ढा एक चुने हुए सदस्य हैं और यह तय करने का अधिकार केवल सभापति के पास होता है कि उन्हें संसद में बोलने दिया जाए या नहीं.
साथ ही कहा कि किसी भी पार्टी के पास यह अधिकार नहीं है कि वह किसी सांसद को बोलने से रोक दे. उन्होंने कहा कि अगर पार्टी को आपत्ति है तो या तो उन्हें सस्पेंड किया जाए या पद से हटाया जाए. तभी इस तरह की कार्रवाई उचित मानी जाएगी.
बीजेपी विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने आगे कहा कि राज्यसभा में बोलने का अधिकार सभापति या उपसभापति के पास होता है न कि किसी पार्टी के पास. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीच में कोई 'लिफाफा' नहीं होता, बल्कि प्रक्रिया स्पष्ट है. उनके मुताबिक, यह मामला अब धीरे-धीरे टूटता नजर आएगा. उन्होंने दावा किया कि आने वाले महीनों में पंजाब में भी आम आदमी पार्टी के कई विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं. मारवाह ने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि वहां हालात खराब हैं और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
