हिमाचल में अगले दो दिन गरज-चमक के साथ भारी बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
April 07, 2026
हिमाचल प्रदेश के लिए अगले दो दिन भारी रहने वाले हैं। राज्य में अगले तीन दिन भी बारिश से राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग (IMD) ने आज और कल के लिए पांच जिलों में भारी भारी और ओलावृष्टि व तेज तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ओलावृष्टि के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं सकती हैं।
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि कल कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केन्द्र शिमला के वैज्ञानी संदीप शर्मा ने बताया कि प्रदेश में 7 से 9 अप्रैल तक मौसम अधिक खराब बना रहेगा। खासकर 8 अप्रैल को भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज तूफान की संभावना है। जिसका असर 9 अप्रैल तक रहेगा। 10 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने की संभावना हैं। बीते 24 घंटों के दौरान हुई बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी, बारिश, ओलावृष्टि के साथ तेज़ हवाओं ने किसानों बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। शिमला और कुल्लू जिलों के कई क्षेत्रों में सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। बीते 24 घंटों के दौरान कल्पा में सबसे कम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस ऊना जिला में रिकॉर्ड किया गया। मौसम के बदले मिजाज के चलते तापमान सामान्य से कम चल रहे हैं। अगले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।
