लखनऊ: भाजपा पूर्व विधायक ने गुडम्बा पुलिस पर उठाए सवाल, भाजपा कार्यकर्ता को फर्जी फंसा रही है पुलिस
April 01, 2026
लखनऊ। लखनऊ जिले के बीकेटी पूर्व भाजपा विधायक अविनाश त्रिवेदी ने कहा कि बीकेटी विधानसभा क्षेत्र कुर्सी रोड के अंतर्गत ग्राम सभा बेहटा से संबंधित एक अत्यंत गंभीर और चिंताजनक प्रकरण सामने आया है, कहा कि जिसे मैं आप सभी को सूचित करते हुए साझा करना चाहता हूं। पूर्व भाजपा विधायक अविनाश त्रिवेदी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के बेहटा क्षेत्र से पिछड़ा वर्ग के मंडल उपाध्यक्ष दीपक लोधी के साथ स्थानीय राजनीति के चलते स्थानीय पुलिस द्वारा किया जा रहा व्यवहार न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है,बल्कि पूर्णतः अन्यायपूर्ण और निंदनीय भी है। वहीं उन्होंने कहा कि दीपक लोधी को गुडम्बा पुलिस जबरन गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई कर, उनके ऊपर फर्जी मुकदमे बनाकर उन्हें हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर बनाने की प्रक्रिया तक चलाई जा रही हैं और जो कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत चिंताजनक और गंभीर विषय है एवं न्याय व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। वहीं पूर्व विधायक ने बीकेटी लखनऊ सीतापुर रोड स्थित वर्मा ट्रेडर्स की दुकान पर प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं है, बल्कि पूरे समाज के साथ अन्याय है। जिस व्यक्ति ने जितनी गलती की है, उसे उतनी ही सजा दी जानी चाहिए, न कि उसे गंभीर अपराधी घोषित करने का प्रयास किया जाए और उसे अपराधी बनाकर के समाज के सामने प्रस्तुत किया जाए। स्थानीय पुलिस का गांव की राजनीति में पड़कर आपसी सौहार्द बिगाड़ने का कार्य करना कतई अनुचित है। पिछले कुछ समय से हमारे विधानसभा क्षेत्र में कुछ जिम्मेदार लोगों द्वारा प्रतिष्ठित और सामाजिक लोगों को आपस में लड़वाकर अव्यवस्था फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। यह हमारे क्षेत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि बक्शी का तालाब में कभी भी इस तरह की घटनाएं नहीं हुई हैं। पहले कभी भी एक-दूसरे को नीचा दिखाने की ऐसी प्रवृत्ति नहीं रही कि कोई किसी को गलत फंसाने का प्रयास करे, लेकिन अब यह हो रहा है। पूर्व विधायक अविनाश त्रिवेदी ने कहा कि इस मामले को लेकर मैंने पुलिस अधिकारियों से बात की हैं और सभी सम्मानित और सामाजिक लोगों से मेरी विनम्र अपील है कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए और इसका विरोध करके इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जाए। इस दौरान वहां पर अजय मिश्रा बाबा, चमन पांडेय, दिनेश लोधी, दीपक लोधी, संतोष लोधी, राजेंद्र लोधी भाजपा मंडल अध्यक्ष इटौंजा,अनुराग सिंह अनुज, समेत भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
