गड़वार/बलिया। गड़वार विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय गड़वार के ठीक सामने बीते एक माह से नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा है। जिससे स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गड़वार ब्लॉक परिसर के समीप स्थित कंपोजिट विद्यालय के सामने सड़क पर नाली का गंदा पानी जमा होने से आवागमन बाधित हो गया है। विद्यालय आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क किनारे नाली का ढक्कन हटाकर छोड़ दिया गया है, जिससे आए दिन साइकिल व मोटरसाइकिल सवार असंतुलित होकर गिर जा रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान का नाम ही विकासखंड है और जहां ब्लॉक कार्यालय भी स्थित है, वहीं विकास कार्यों की स्थिति बेहद दयनीय है। सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त है और पिछले एक महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके बावजूद ग्राम प्रधान, सचिव और संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि सफाईकर्मी भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन केवल औपचारिकता तक सीमित रखते हैं। इससे पहले भी इस विकासखंड की समस्याएं उजागर हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण हालात जस के तस बने हुए हैं।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है और लोग जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।
