Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

फिर दहली दिल्ली: अशोक विहार में युवक की चाकू से गोदकर हत्या


राजधानी दिल्ली से एक बार फिर से अपराध की खौफनाक वारदात की खबर सामने आई है। यहां अशोक विहार थाना इलाके में एक युवक की चाकूओ से गोदकर हत्या कर दी गई है। अशोक विहार थाना इलाके के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया मच्छी मार्केट में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी पर कुछ युवकों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने इस घटना को लेकर एक आरोपी तानिश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरे नाबालिग आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।

अशोक विहार इलाके में हत्या की इस घटना को लेकर पुलिस ने जानकारी दी है कि पीसीआर को 8 अप्रैल को शाम करीब 6:23 बजे, डब्ल्यूपीआईए क्षेत्र के बी-ब्लॉक स्थित फिश मार्केट में सुलभ शौचालय के परिसर के अंदर एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें शौचालय के अंदर एक व्यक्ति पड़ा हुआ मिला।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान संतोष कुमार (उम्र 27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कि डब्ल्यूपीआईए के मच्छी मार्केट में रहने वाला एक फैक्ट्री कर्मचारी था। मृतक मूल रूप से नेपाल का निवासी था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जानकारी सामने आई है कि यह घटना पीड़ित और एक मोटरसाइकिल सवार के बीच कहासुनी के बाद हुई, जो हाथापाई में बदल गई। इस दौरान, आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर पीड़ित पर चाकू से हमला किया और मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल शख्स सुलभ शौचालय परिसर में पहुंचा, जहां वह गिर पड़ा और चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

इस घटना को लेकर अशोक विहार पुलिस स्टेशन में एफआईआर संख्या 113/26 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने जांच के दौरान घटना से जुड़े एक आरोपी तानिश (उम्र-19 वर्ष, पुत्र अकील खान) को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |