22 साल के बेटे ने ही की थी पिता-चाचा की हत्या, पुलिस ने 3 दिन में सुलझाई मर्डर मिस्ट्री
April 08, 2026
दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में हुई दो लोगों की रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद बेटे ने अपने पिता और चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. पुलिस के मुताबिक 4 अप्रैल को उत्तम नगर थाने को सूचना मिली थी कि मोहन गार्डन स्थित एक घर में दो लोग संदिग्ध हालत में मृत पड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे के अंदर 50 वर्षीय देवेंद्र कुमार और 48 वर्षीय अमित मृत मिले.
कमरे में शराब और बीयर की बोतलें बिखरी हुई थीं और सामान भी अस्त-व्यस्त था. मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल को बुलाकर जांच कराई गई और सबूत जुटाए गए. दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेजा गया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि दोनों की मौत मारपीट के दौरान लगी अंदरूनी चोटों की वजह से हुई.
दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि घटना से पहले घर के अंदर शराब पीने के बाद झगड़ा हुआ था. इस मामले में देवेंद्र कुमार का 22 वर्षीय बेटा ईश्वर घटना के बाद से फरार था. मकान मालिक नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि करीब दस बारह दिन पहले देवेंद्र कुमार अपने भाई अमित और बेटे ईश्वर के साथ उनके घर में किराए पर रहने आए थे.
3 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे उन्हें पड़ोसियों से झगड़े की सूचना मिली तो वह अपने बेटे के साथ वहां पहुंचे. दरवाजा ईश्वर ने खोला और वह नशे में था. उन्होंने उसे समझाकर झगड़ा न करने की सलाह दी और कुछ देर बाद वापस चले गए. कुछ देर बाद उन्हें खबर मिली कि ईश्वर ने अपने पिता की हत्या कर दी है. जब वह वापस घर पहुंचे तो देखा कि कमरे में देवेंद्र और उनके भाई अमित दोनों मृत पड़े थे.
दिल्ली पुलिस की टीम ने कई दिनों की तलाश के बाद मंगलवार (07 अप्रैल) को आरोपी ईश्वर को मोहन गार्डन इलाके से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
