प्रतापगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अन्तर्गत जनपद के 7 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रो यथा रामपुरखास, बाबागंज, (अ0जा0), कुण्डा, विश्वनाथगंज, प्रतापगढ़, पट्टी एवं रानीगंज की निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को करा दिया गया है। आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अन्तर्गत अन्तिम रूप से प्रकाशित की गयी विधानसभा निर्वाचक नामावलियो की हार्डकापी एवं सॉफ्टकापी (बिना फोटो वाली मतदाता सूची की पीडीएफ) जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलो के अधिकृत प्रतिनिधियों को निःशुल्क उपलब्ध कराने हेतु शुक्रवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य प्रजापति की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय के सभागार में बैठक आहूत की गयी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियो को अन्तिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों की हार्डकापी एवं सॉफ्टकापी उपलब्ध करायी गयी।
बैठक में बताया है कि अंतिम प्रकाशन के समय जनपद में कुल 2175863 मतदाता दर्ज किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या में रामपुरखास में 290404, बाबागंज (अ0जा0) में 278010, कुण्डा में 312461, विश्वनाथगंज में 343412, प्रतापगढ़ में 304324, पट्टी में 334529 तथा रानीगंज में 312723 मतदाता शामिल हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली सभी मतदेय स्थलों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), तहसील कार्यालयों एवं जिला निर्वाचन कार्यालय प्रतापगढ़ में व एनआईसी की वेबसाइट पर निःशुल्क अवलोकन कर सकते है। उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि वे अपने नाम एवं विवरण की पुष्टि के लिए निर्वाचक नामावली का अवश्य निरीक्षण करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का नाम किसी कारणवश अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है तो फार्म 6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत करा सकते है। बैठक में उपजिलाधिकारी तनवीर अहमद, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, बहुजन समाज पार्टी के जिला महासचिव सादिक अली, भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय मंत्री विक्रम सिंह, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया के सचिव लाल बहादुर तिवारी, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डा0 नीरज त्रिपाठी, समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, अपना दल (सोनेलाल) के प्रदेश महासचिव परमानन्द मिश्र सहित निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
