Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अप्रैल का पहला सप्ताह भी रहेगा कूल-कूल, 17 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट


देश के कई हिस्सों में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। इसकी वजह से इस सप्ताह उत्तर-पश्चिमी भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। देश के मध्य भागों में 6 अप्रैल तक गरज और बिजली चमकने के साथ तेज़ बारिश होने की संभावना है, जबकि 02 अप्रैल तक ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार यानी 01 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज, बिजली चमकने और तेज़ हवाएं (गति 30-50 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा आज विदर्भ, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी मौसम खराब रहेगा। 40-50 किमी की रफ्तार से यहां हवाएं चल सकती हैं और बारिश भी होगी। साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है।

इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र में दो और तीन अप्रैल को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30-60 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। महाराष्ट्र में बिजली चमकने की संभावना है। 03 और 04 अप्रैल को उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर में 03 अप्रैल को और हिमाचल प्रदेश में 03 और 04 अप्रैल को कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 03 और 04 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। इसके साथ तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। केरल, आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 03 व 04 अप्रैल को गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

बता दें कि यूपी के कई जिलों में मंगलवार को बारिश हुई। कानपुर समेत कई जिलों में बारिश से तापमान में गिरावट आई है। इससे गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, कई राज्यों में बुधवार को बादल छाए रहेंगे जबकि सप्ताहांत में बारिश का एक और दौर आने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |