Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलिया: जिले में एचपीवी टीकाकरण को बढ़ावा! बालिका गृह में 14 बच्चियों को लगाया गया टीका


बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आनंद कुमार के निर्देशन में जनपद में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में राजकीय बाल गृह (बालिका), निधरिया में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ शशि प्रकाश द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चियों को टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कुल 14 बच्चियों को एचपीवी का टीका लगाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ शशि प्रकाश ने बताया कि एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीनेशन एक प्रभावी उपाय है। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, योनि कैंसर समेत अन्य प्रकार के कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह वैक्सीन जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह तक की आयु की बच्चियां अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर यह टीका लगवा सकती हैं। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए 8005193246 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। 

जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने कहा कि जनजागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है और अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बच्चियों का समय से टीकाकरण अवश्य कराएं। कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला समन्वयक शैलेंद्र पांडेय ने भी अभिभावकों से अपील की कि वे इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए अपनी बच्चियों को टीका अवश्य लगवाएं। इस अवसर पर अधीक्षिका अमिता जैन, सहायक शोध अधिकारी सुनंदा गुप्ता, एएनएम प्रतिभा सिंह, दमयंती वर्मा, डीपीए रविशंकर तिवारी, रंजन प्रभाकर, सुमन उपाध्याय, राजीव कुमार गुप्ता, सुमित कुमार, सोनी यादव, नितेश पाठक सहित रेड क्रॉस सोसाइटी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |