आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के साथ नहीं थमने वाली बारिश, 12 से अधिक राज्यों के लिए अलर्ट
April 08, 2026
अप्रैल के महीने में बारिश की झड़ी लगी हुई है। मौसम की इस बेरुखी से किसानों को काफी नुकसान पहुंच रहा है। मौसम विभाग ने एक बार फिर देश भर के 12 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ-साथ भूस्खलन जैसी घटनाएं भी हो रहीं हैं।
अप्रैल के महीने में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते मौसम में खासा बदलाव आया है। पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम और पूर्वोत्तर राज्य और दक्षिण में आंध्र प्रदेश तक देखा जा रहा है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ-साथ हवा की दिशा में परिवर्तन के कारण हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बुधवार को भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम केंद्र के मुताबिक, बुधवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है।
