लखनऊ। रंगों और उत्साह के पावन पर्व होली के अवसर पर शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल के बालाकदर स्थित कैंप कार्यालय पर भव्य होली मिलन समारोह ‘होलिकोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा शहर की गणमान्य जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर होली के पर्व को फूलों की होली के साथ मनाया गया। उपस्थित अतिथियों और जनसमूह ने फूलों की वर्षा के बीच पारंपरिक अंदाज में होली का आनंद लिया। वातावरण पूरी तरह से रंग, उमंग और उत्सव के रंगों में रंगा हुआ नजर आया। कार्यक्रम स्थल पर भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान मंच से बरसाने की प्रसिद्ध होली की झलक भी प्रस्तुत की गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की लीलाओं का सुंदर मंचन किया। राधा-कृष्ण की झांकियों और भक्ति गीतों के साथ प्रस्तुत की गई इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और पूरे वातावरण में ब्रज की होली की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी अतिथियों और शहरवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। यह त्योहार समाज में खुशहाली, सकारात्मकता और मेल-मिलाप का संदेश देता है।
कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, बृज लाल, सदस्य विधान परिषद मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, जय देवी, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत तथा नगर आयुक्त गौरव कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में पार्षदगण, भाजपा के वरिष्ठ नेतागण, पार्टी पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण, लखनऊ के व्यापारी संगठन, नगर निगम के अधिकारीगण, कर्मचारी संगठन, पर्वतीय समाज के लोग, क्षेत्र की गणमान्य जनता तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर होली के इस पावन पर्व को उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया।
