तालिबान सरकार ने किया दावा! पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की प्राइवेट एयरलाइन का फ्यूल डिपो बम से उड़ाया
March 13, 2026
पाकिस्तान और अफगानिस्तान में संघर्ष तेज हो गया है। अफगानिस्तान में तालिबान के प्रवक्ता Zabihullah Mujahid ने बताया कि Pakistan Air Force ने कंधार एयरपोर्ट के पास प्राइवेट एयरलाइन Kam Air के ईंधन डिपो पर अटैक किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि यह कंपनी घरेलू एयरलाइनों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमानों को भी ईंधन उपलब्ध कराती है। मुजाहिद का यह आरोप है कि पाकिस्तान पहले भी एक नेशनल ट्रेडर हाजी खान जदाह के ईंधन भंडार पर अटैक कर चुका है।
इस बीच, पाकिस्तानी आर्मी ने खोस्त प्रांत के अलीशेर-तेरेजाई में, कथित डूरंड लाइन के पास, तोपों से गोले दागे। रिपोर्ट के अनुसार, इस गोलाबारी में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य जख्मी हो गए। फरवरी में डूरंड लाइन के आसपास पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हमलों तेज हो गए। इसी दौरान, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल सहित कई शहरों पर एयरस्ट्राइक की। बीते 27 फरवरी को पाकिस्तान ने काबुल और दूसरे अफगान शहरों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए थे।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इसको 'खुली जंग' करार दिया है। उन्होंने तालिबान पर ग्लोबल आतंकियों को शरण देने और उग्रवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। वहीं, अफगानिस्तान का रक्षा मंत्रालय की तरफ से दावा किया गया कि 26 फरवरी को डूरंड लाइन पर जवाबी एक्शन में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे।
जान लें कि डूरंड लाइन को लेकर जारी विवाद और 2021 में तालिबान की सरकार में वापसी के बाद से पाकिस्तान-अफगानिस्तान के रिश्तों में टेंशन लगातार बढ़ी है। पाकिस्तान की तरफ से आरोप लगाया गया है कि अफगानिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP जैसे आतंकी समूहों को शरण मिल रही है।
बता दें कि TTP का गठन 2007 में पाकिस्तान में ही किया गया था। यह अफगान तालिबान से अलग संगठन है, लेकिन माना जाता है कि दोनों के बीच वैचारिक और सामाजिक संबंध गहरे हैं। हाल के समय में पाकिस्तान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी और TTP के हमलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। अफगानिस्तान से सटे हुए पाकिस्तान के प्रांत खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान इन हिंसक घटनाओं से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
