'अमीन साहब' ने मांगी रिश्वत और पहुंच गई एंटी करप्शन टीम
March 01, 2026
यूपी में रामपुर की तहसील शाहाबाद में एंटी करप्शन ऑर्गेनाइजेशन मुरादाबाद मंडल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम शंकर तिवारी, संग्रह अमीन, तहसील शाहाबाद के रूप में हुई है। रंगे हाथ घूसखोरी के मामले में पकड़ के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी अमीन को अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जाहिदपुर निवासी शिकायतकर्ता हसमुद्दीन ने आरोप लगाया था कि आरोपी अमीन की तरफ से शस्त्र लाइसेंस के रिन्यूअल के लिए नो-ड्यूज प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
टीम ने 28 फरवरी 2026 को आरोपी को उसके सरकारी आवास, तहसील परिसर शाहाबाद में दोपहर करीब 1:30 बजे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की तरफ से आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। टीम ने मामले में जरूर सबूत जैसे शिकायत पत्र, ट्रैप कार्यवाही और वीडियोग्राफी भी जुटाई है। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त एक्शन का संदेश भी गया।
तहसील में पकड़े जाने के बाद एंटी करप्शन टीम जब अमीन को पकड़कर अपने साथ ले जा रही थी तब वहां मौजूद हर कोई उन्हें देखने लगा। इस दौरान, कुछ लोग एंटी करप्शन टीम जिंदाबाद के नारे लगाते हुए भी नजर आए। हालांकि, आरोपी अमीन इस दौरान बोलते हुए दिखे कि मैं बेगुनाह हूं।
